
इछावर।राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने तहसील के अंतर्गत आने वाले अनेक ग्रामों का दौरा कर जनसुनवाई आयोजित की. इस अवसर पर उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए.
उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना है और सरकार हर नागरिक की समस्या को अपनी समस्या मानकर त्वरित निराकरण के लिए संकल्पित है. राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि जनता हमारी शक्ति है और उनकी समस्याओं का समाधान करना ही हमारे लिए सबसे बड़ा धर्म है. सरकार जनता के द्वार तक पहुंच रही है, ताकि किसी को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े. अब अधिकारी और सेवाएं खुद जनता तक पहुंचेंगी. उन्होंने ग्रामवासियों से कहा कि वे अपनी हर समस्या का समाधान निश्चित समय-सीमा में किया जाएगा.
ग्रामवासियों ने समस्याएं राजस्व मंत्री के समक्ष रखीं. इनमें मुख्य रूप से भूमि संबंधी विवाद, राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी, पेंशन, आवास, बिजली-पानी की सुविधा, सड़क निर्माण और शिक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख थे. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामवासियों को छोटे-छोटे कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगवाए जाएं. प्रत्येक व्यक्ति को उसका हक़ समय पर मिले और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
श्री वर्मा ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए सतत प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है. उन्होंने नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपना बिजली बिल एवं टैक्स समय पर जमा करें, ताकि सभी योजनाओं का बेहतर संचालन किया जा सके.
राजस्व मंत्री श्री वर्मा के दौरे की ग्रामवासियों ने सराहना की. ग्रामवासी गीता बाई, समरत बाई, रामबगस, खुपचन्द्र, मनोहर, द्वारका प्रसाद, भागवत सिंह, हरिनारायण सहित अनेक ग्रामवासियों ने राजस्व मंत्री श्री वर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व मंत्री श्री वर्मा वास्तव में जनता की सरकार को जनता तक ले जाने का कार्य कर रहे हैं. राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने चितावलिया हेमा, चितावलिया लाखा, चितावलिया जाट, पचपिपलिया, मुस्करा, मोगराराम, नरसिंहखेड़ा, सिराड़ी, कुण्डीखाल, लालियाखेड़ी, कोलूखेड़ी और रामगढ़ पहुंचकर जनसमस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए.
