भगदड़ की न्यायिक जांच रिपोर्ट पर अमल होगा : वेंकटेश प्रसाद

बेंगलुरु, (वार्ता) आगामी कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) चुनाव लड़ रहे पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद और क्रिकेट प्रशासक मृत्युंजय ने बुधवार को कहा कि दर्शकों की सुरक्षा, स्टेडियम की क्षमता उनकी प्राथमिकता है और हाल ही में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की जांच कर रहे न्यायिक आयोग की सिफारिशों पर पूरी तरह से अमल में लगाया जायेगा।

वेंकटेश प्रसाद ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “न्यायिक आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद हम हर एक सिफारिश को लागू करेंगे। इसके अलावा, हम यह सुनिश्चित करने के लिए एक स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट भी करवाएंगे कि प्रशंसकों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।”

मृत्युंजय ने कहा, “हमारा पहला काम न्यायिक और जांच रिपोर्टों की समीक्षा करना होगा। इसके साथ ही, हम सुरक्षा मानकों को आधुनिक बनाने के लिए एक स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट करायेंगे। दर्शकों का कल्याण सर्वोपरि रहेगा।”

प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को स्थानांतरित किए जाने की आशंका को लेकर प्रसाद ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए जी-जान से जुट जाएंगे कि स्टेडियम जहां है, वहीं रहे। हमारे पास इसे पुनर्जीवित करने, प्रशंसकों के अनुभव को बेहतर बनाने और इसे एक अत्याधुनिक क्रिकेट स्थल के रूप में पुनर्स्थापित करने की स्वप्निल योजनाएं हैं।”

स्टेडियम में बैठने की क्षमता बढ़ाये जाने को लेकर प्रसाद ने बताया, “स्टेडियम का निर्माण 50 साल से भी पहले ऐसे डिजाइन के साथ किया गया था जिससे बड़े-बड़े खंभों के पीछे से दृश्य अवरुद्ध हो जाते थे। आधुनिक योजना के साथ, हम हजारों सीटों को बढ़ा सकते हैं और दर्शकों की गुणवत्ता में सुधार कर सकते हैं।”

प्रसाद और मृत्युंजय ने इस बात पर बल दिया कि उनका अभियान राजनीतिक नहीं है, कर्नाटक क्रिकेट के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण पेश करना है। इसमें जिला अकादमियां और प्रत्येक जो में लड़के, लड़कियों, पुरुषों और महिलाओं के 25-30 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए कोचिंग सहायता शामिल है। मृत्युंजय ने कहा, “हम एक ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं जो हर स्तर पर प्रतिभाओं को पोषित करे।”

प्रसाद ने पुष्टि की कि 16 सदस्यीय एक पैनल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “अभी सभी नामों का खुलासा करना समझदारी नहीं होगी, लेकिन हम एक मजबूत टीम को अंतिम रूप दे रहे हैं। कई पूर्व साथी पहले से ही संपर्क में हैं और समर्थन दे रहे हैं।”

 

Next Post

बिज्र की छत पर लगी प्लैटें चोरी

Thu Aug 21 , 2025
जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत ग्राम छत्तरपुर ब्रिज की छत पर लगी प्लैटें अज्ञात चोर चुराकर ले गया। पुलिस के मुताबिक दिनेश कुशवाहा ने रिपोर्ट कराई कि वह ठेकेदारी करता है उसका ग्राम छत्तरपुर में रिंग रोड का काम चल रहा है। ग्राम छत्तरपुर साईड में ब्रिज की छत में लगी […]

You May Like