
इंदौर. अंतिम चौराहे पर बुधवार शाम एक निजी कॉलेज बस ने कहर बरपा दिया. बेकाबू बस ने पहले बाइक सवार युवक को टक्कर मारी और फिर दो छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद बस ने ऑटो और कार को भी टक्कर मार दी. हादसे में युवक और एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा और ऑटो ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज क्लॉथ मार्केट अस्पताल में चल रहा है.
मल्हारगंज पुलिस से मिली सूचना के अनुसार घटना शाम करीब 4.30 बजे 33 वर्षीय एकांश पांड्या बाइक से गुजर रहे थे तभी निजी कॉलेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी. जोरदार टक्कर से एकांश की मौके पर ही मौत हो गई. बस आगे बढ़ते हुए घर लौट रही दो छात्राओं से टकराई, जिसमें 12वीं की छात्रा की मौत हो गई और दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई. इसके बाद बेकाबू बस ने एक ऑटो रिक्शा और कार को भी टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस मेडीकेप्स कॉलेज की थी और तेज रफ्तार में दौड़ रही थी. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस को रोककर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने बस जब्त कर ली है. मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
