दंतेवाड़ा,19 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दंतेवाडा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भरने और कई जगह सड़कों के बह जाने की जानकारी मिली है।
बारसूर, कुआकोंडा और किरंदुल-बचेली क्षेत्र में अनवरत बारिश के चलते नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कई जगह पानी मार्ग के ऊपर से बहने लगा है, जिसके चलते यातायात बाधित हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से छिंदनार-चेरपाल और कटेकल्याण मार्ग पर बस सेवाएं रोक दी गई हैं। वहीं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
