इंदौर:सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती ने एक युवती की ज़िंदगी को मुश्किलों में डाल दिया. आरोपी युवक न सिर्फ़ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा, बल्कि शादी के नाम पर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने लगा. विरोध करने पर युवती को धमकियां भी दी गईं. युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.खजराना थाना क्षेत्र की एक 24 वर्षीय युवती ने अपने परिचित युवक पर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. युवती का कहना है कि आरोपी शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा और बाद में उस पर ईसाई धर्म अपनाने की शर्त रखी.
मना करने पर वह धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा. पीड़िता ने पुलिस को बतायाकि वह केयर टेकर का काम करती है. करीब डेढ़ साल पहले उसकी पहचान अर्पित भलराय (निवासी संजीव नगर, खजराना) से सोशल मीडिया पर हुई थी. अर्पित ने खुद को टेलीपरफॉरमेंस कंपनी का कर्मचारी बताया और मुलाकात के दौरान उसे अपने घर बुलाकर संबंध बनाए. इसके बाद भी वह अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा.
युवती का कहना है कि उसने अर्पित को अपनी शादीशुदा होने की जानकारी दी थी, लेकिन आरोपी ने इसे नज़रअंदाज़ करते हुए शादी का भरोसा दिलाया. कुछ समय बाद जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने कहा कि विवाह तभी होगा जब वह ईसाई धर्म अपनाएगी. इसके साथ ही उसने धमकी दी कि यदि युवती ने इंकार किया तो उसके पास मौजूद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. आरोपी के दोस्तों ने भी उसे धर्म बदलकर शादी करने पर पांच लाख रुपए देने का लालच दिया.
हिंदूवादी संगठन के पास पहुंची पीड़िता
धमकियों से परेशान युवती ने घटना की जानकारी हिंदूवादी नेता मानसिंह राजावत और उनके साथियों को दी. आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी को पकड़ा तो उसके मोबाइल में अन्य हिंदू लड़कियों की चैटिंग और आपत्तिजनक वीडियो भी मिले. पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है. मामले में थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी अर्पित भलराय के खिलाफ बलात्कार, धमकाने और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
