कोटोनोउ, 18 अगस्त (वार्ता/शिन्हुआ) मध्य बेनिन में 54 लोगों को ले जा रही एक बस के नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 44 लोग लापता हो गए। यह जानकारी देश के आंतरिक एवं सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने रविवार को दी।
आंतरिक एवं सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री अलासेन सेइदोउ ने कहा कि टोगो की राजधानी लोम से नाइजर की राजधानी नियामे जा रही बस एक पुल की रेलिंग से टकराने और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण ओउमे नदी में गिर गई।
बेनिन की सरकार ने राहत और बचाव प्रयास शुरू किया है और कहा है कि नौ जीवित बचे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनकी हालत स्थिर है।
सरकार ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा कि लापता लोगों को ढूंढने तथा घटना के कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
