
बालाघाट। थाना बहेला और कृषि विभाग की टीम ने ग्राम रिसेवाड़ा में छापामार कार्रवाई कर अवैध उर्वरक भंडारण का खुलासा किया। ग्राम निवासी राधेश्याम सोनवाने अपनी किराना दुकान और गोदाम में बिना अनुमति खाद का संग्रहण और विक्रय कर रहा था। कार्रवाई में किसान हीरालाल बढ़ई को गोदाम से दो बोरी यूरिया (45 किलो प्रति बोरी) 650 रुपए में खरीदते पकड़ा गया। तलाशी में कुल 32 बोरी (करीब 1.555 मीट्रिक टन) उर्वरक जब्त हुए, जिनमें यूरिया, एसएसपी और एनपीके शामिल थे। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम व उर्वरक नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें।
