विकसित राष्ट्र की बुनियाद कारोबार की स्वतंत्रता पर : अनिल अग्रवाल

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) खनिज और धातु कारोबार जगत के दिग्गज उद्यमी और वेदांता लिमिटेड के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा है कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की बुनियाद देश में कारोबार की आजादी से हो कर ही निकलेगी। इसके लिए उन्होंने अनुकूल नीति पर बल दिया है।

उन्होंने एक बयान में रविवार को कहा , ‘आर्थिक स्वतंत्रता सबसे महत्वपूर्ण कारक है जो यह तय करेगा कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा या नहीं।’ भारत को ‘उद्यमियों का देश’ बताते हुए, उन्होंने ऐसी नीतियों और अवसरों का आग्रह किया जो नवप्रवर्तकों को अपनी ऊर्जा और दूरदर्शिता को देश के विकास में लगाने की स्वतंत्रता प्रदान करें।

श्री अग्रवाल ने भारत के प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदारी युक्त दोहन और रक्षा एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में अपनी क्षमता का दोहन करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र देश को वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर कर सकते हैं।

वेदांता प्रमुख ने भारत की संभावनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुये कहा ‘‘ सामूहिक दृढ़ संकल्प के साथ, भारत 2047 तक सबसे मजबूत और सबसे समृद्ध राष्ट्रों में से एक बनने के अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा।’’

इसके लिए उन्होंने यह भी कहा कि भारत की प्रगति युवाओं के लिए शिक्षा की बाधाओं को दूर करने, महिलाओं के लिए वित्तीय स्वतंत्रता का विस्तार करने और राष्ट्र की नींव को मजबूत करने के लिए प्रत्येक बच्चे के लिए पोषण और मूल्य सुनिश्चित करने पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा, ‘इन शक्तियों का उपयोग कर, भारत न केवल आत्मनिर्भरता प्राप्त करेगा, बल्कि नवाचार और स्वस्थ विकास का एक वैश्विक केंद्र भी बनेगा।’

 

Next Post

पुलिस को देख तस्कर ने बढ़ाई स्पीड, कार पेड़ से टकराई

Sun Aug 17 , 2025
जबलपुर। पाटन पुलिस ने बलेनो कार से ढुल रही शराब पकड़ने घेराबंदी की तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी जिसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। चालक भाग निकला। जबकि उसके साथी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि सिल्वर रंग की मारूती सुजुकी बलेनो क्रमांक एमपी 20 सीजी […]

You May Like