भिंड:प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भिंड जिले में पहली बार दो जिला अध्यक्ष बनाए है। संगठनात्मक समीकरण साधते हुए पार्टी ने शहर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी युवा नेता धर्मेंद्र सिंह भदौरिया को सौंपी है, वहीं ग्रामीण जिलाध्यक्ष की कमान रामशेष बघेल को दी गई है। पार्टी ने यह नियुक्ति केवल संगठन विस्तार के लिहाज से नहीं बल्कि जातिगत संतुलन साधने की दृष्टि से भी की है।
लंबे समय से जिलाध्यक्ष की कमान पिछड़ा वर्ग के हाथों में रही थी। इसको लेकर सामान्य वर्ग के कार्यकर्ता नाराज़गी जताते रहे थे। इस बार कांग्रेस ने जातीय समीकरण बिगाड़ने से बचते हुए सामान्य वर्ग से भदौरिया और पिछड़ा वर्ग से रामशेष बघेल को जिम्मेदारी देकर संदेश देने की कोशिश की है।
