
अनूपपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। श्री रहमान वर्ष 2023 में हॉक फोर्स, बालाघाट के पद पर पदस्थ थे। इस दौरान बालाघाट के लांजी वन क्षेत्र में नक्सलियों की बढ़ती गतिविधियों के संबंध में लगातार खुफिया जानकारी प्राप्त हो रही थी। 22 अप्रैल 2023 की रात करीब 3 बजे जब पुलिस टीम कटंगा फॉरेस्ट गांव से बालेला फॉरेस्ट गांव की ओर बढ़ रही थी, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की।
कमांड अधिकारी हॉक फोर्स मोती उर रहमान ने साहस और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए दोनों दिशाओं से नक्सलियों की घेराबंदी की और जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए निर्णायक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान 2 खूंखार नक्सली मारे गए तथा बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। इस सफल कार्रवाई के चलते श्री रहमान को राष्ट्रीय स्तर पर वीरता पदक प्रदान करने की घोषणा 14 अक्टूबर 2023 को भारत सरकार द्वारा की गई थी। जहां स्वतंत्रता दिवस 2025 पर आयोजित अलंकरण समारोह में श्री रहमान को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीरता पदक से सम्मानित किया।
