शाजापुर: स्टेडियम ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर ऋजु बाफना ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। सुरक्षा बलों और स्कूली विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर देशभक्ति का जज्बा जगाया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वतंत्रता दिवस संदेश सीधा प्रसारित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीत, नृत्य और लोक कला का मनमोहक प्रदर्शन हुआ, जबकि मलखंब और पीटी की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे समारोह में देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा।
