इंदौर:शेयर मार्केटिंग और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाला एक शातिर आरोपी क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आया है. गिरफ्तार आरोपी ने न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश के अन्य राज्यों के लोगों को भी अपना शिकार बनाया है. उसने मुंबई के एक व्यापारी से ही करीब 2 करोड़ 21 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है, क्राईम ब्रांच के अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे है.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच टीम ने इस प्रकरण में कार्रवाई की. शिकायतकर्ता प्रतीक खंडेलवाल निवासी मालाड ईस्ट, मुंबई ने बताया कि आरोपी ने खुद को एक अनलिस्टेड कंपनी ईएसडीएस के 75,000 शेयर बेचने का झांसा दिया. इसके लिए आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर सौदा पक्का किया और बड़ी रकम ऐंठ ली. जांच में सामने आया कि आरोपी 40 वर्षीय अभिषेक भट्ट निवासी कलाकृति एवेन्यू, चिकित्सक नगर, इंदौर ने यह पूरी साजिश रची.
फरियादी से रकम लेने के बाद आरोपी गायब हो गया. शिकायत मिलने पर थाना अपराध शाखा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी. क्राइम ब्रांच ने अभिषेक भट्ट को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने ठगी की वारदात कबूल की. मामले एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि आरोपी से और पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य ठगी मामलों का खुलासा होने की संभावना है.
