नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) ट्रेवेल फिनटेक कंपनी नियो इंडिया ने अपनी मूल कंपनी फिनन्यू सॉल्यूशंस के जरिये विदेशी मुद्रा विनिमय (फॉरेक्स) कारोबार से जुड़ी कंपनी कांजी फॉरेक्स का अधिग्रहण किया है।
नियो इंडिया ने बुधवार को इस अधिग्रहण की जानकारी दी। साथ ही उसने वरिष्ठ बैंकर अमित तलवार को नियो फॉरेक्स का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की भी घोषणा की।
इस अधिग्रहण के बाद नियो अपने ग्राहकों को एफएक्स कैश, एफएक्स कार्ड्स, विदेशों में रिमिटेंस भेजने की सुविधा प्रदान कर सकेगी जिसके लिए कांजी फॉरेक्स को लाइसेंस प्राप्त है। कांजी फोरेक्स की स्थापना 1935 में हुई थी। इसका मुख्यालय मुंबई में है। यह संस्थागत ब्रोकर और मनी चेंजर के रूप में काम करती है।
नियो फॉरेक्स के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तलवार के पास बैंकिंग के क्षेत्र में 27 साल का अनुभव है। उन्होंने ट्रांजेक्शन बैंकिंग, ग्लोबल रिमिटेंसस, अनसिक्योर्ड ऋण आदि में काम किया है। वह इससे पहले इंडसइंड बैंक में ट्रांजेक्शन बैंकिंग के प्रमुख थे। इंडसइंड बैंक में 17 साल काम करने के अलावा वह आईसीआईसीआई बैंक समूह से नौ साल तक जुड़े रहे।
नियो से सीईओ और सह-संस्थापक विनय बागरी ने कांजी फॉरेक्स के अधिग्रहण को महत्वपूर्ण कदम बताया।
श्री तलवार ने कहा कि कांजी फॉरेक्स के अधिग्रहण के साथ नियो अब डिजिटल और भौतिक केंद्रों के जरिये हर प्रकार की विदेशी मुद्रा विनिमय सेवा देने के लिए तैयार है। कंपनी के विकास के अगले चरण में शाखाओं के विस्तार, उत्पादों में नवाचार और साझेदारियाँ बनाने पर फोकस होगा।
