ग्वालियर: ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और न्यू महावीर ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक सुनील माहेश्वरी के साथ उनके ही मुनीम ने करीब 24.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी मुनीम दरिया सिंह सोमरा के खिलाफ बहोड़ापुर थाने में केस दर्ज किया है।जानकारी के मुताबिक, दरिया सिंह सोमरा पिछले 15 सालों से कंपनी में काम कर रहा था और ट्रकों का भाड़ा वसूलने का जिम्मा उसी के पास था।
पिछले तीन महीनों से वह भाड़े की रकम फर्म के खाते में जमा न करके अपने पास रख रहा था। मामला तब खुला जब कारोबारी को संदेह हुआ और उन्होंने रिकॉर्ड खंगाले। इसमें पता चला कि कई व्यापारियों से वसूले गए करीब 24.50 लाख रुपए फर्म में जमा नहीं हुए।न्यू महावीर ट्रांसपोर्ट से 3 मई को नीरज डेंगरे ने 107 बोरी लोंग मुंबई से ग्वालियर भेजी थी, जिसका 33,600 रुपए भाड़ा 9 जून तक कंपनी के अकाउंट में जमा नहीं हुआ।
ऐसे में जब ट्रांसपोर्टर ने कारोबारी डेंगरे को फोन लगाकर भाड़े के रुपए मांगे, तो उसने बताया कि मुनीम दरिया सिंह सोमरा 15 मई को ही नकद में रुपए ले जा चुका है। इस कांड का पता लगने पर कारोबारी ने अपने तमाम देनदारों से बातचीत की और कागजात खंगाले। जिसमें स्पष्ट हुआ कि सोमरा ने कई व्यापारियों से लिए भाड़े के करीब 24.50 लाख रुपए फर्म में जमा नहीं कराए हैं।
