जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत उखरी पुलिस चौकी के पास फिल्मी स्टाइल में एक युवती का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ता कार से पहुंचे थे। अचानक हुई वारदात से से हडक़ंप मच गया। पुलिस रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पतासजी कर रही है।पुलिस के मुताबिक उजारपुरवा उखरी निवासी एक 19 वर्षीय युवती बीती रात करीब 9:45 बजे माता-पिता के साथ सब्जी लेने घर से बाहर निकली।
युवती आगे-आगे चल रही थी जबकि उसके माता पिता पीछे थे। वह जैसे ही उखरी पुलिस चौकी के पास रात्रि 9:55 बजे पहुंचे तभी एक सफेद रंग की कार आई और कार सवार ने फिल्मी स्टाइल में दरवाजा खोला। इसके बाद युवती का कार सवार ने हाथ खींचा। माता पिता कुछ समझ पाते इसके पहले ही अपहरणकर्ता उसे कार में बैठा चुके थे युवती चीख पुकार मचाने लगी।
माता पिता उसे बचाने के लिए दौड़े तो कार चालक ने गेट बंद करते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और युवती का अपहरण कर साथ ले गए। अचानक हुए बेटी के अपहरण से माता पिता घबरा गए और वह कार का नंबर नहीं देख पाये। पहले तो उन्होंने अपने स्तर पर खोजबीन पतासाजी की लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा वह सीधे लार्डगंज थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों के भी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
