
बैतूल। रेलवे स्टेशन पर रक्षाबंधन के मौके पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक 53 वर्षीय व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ट्रेन से नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय चौरसिया, निवासी यादव कॉलोनी, जबलपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, संजय चौरसिया रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन से राखी बंधवाने बैतूल आए थे। वे बैतूल से आमला जाने के लिए संघमित्रा एक्सप्रेस पकड़ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। लेकिन जब वह स्टेशन पर पहुंचे तब ट्रेन पहले ही चल चुकी थी और प्लेटफॉर्म से निकल रही थी।
जल्दबाज़ी में उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसा इतना भयानक था कि ट्रेन की चपेट में आने से उनका शरीर दो टुकड़ों में कट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पंचनामा कर शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मृतक संजय चौरसिया, उम्र 53 वर्ष, जबलपुर के यादव कॉलोनी के रहने वाले थे और वहां कपड़ों का व्यवसाय करते थे। पारिवारिक जनों के अनुसार, वे राखी के अवसर पर बैतूल आए थे और वापस आमला होते हुए जबलपुर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजन भी स्टेशन और अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
फिलहाल जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे की पूरी जानकारी सामने आ सके।
