
अनूपपुर। शनिवार सुबह चचाई थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हारी में यात्रियों से भरी बस पलटने से 30 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें 8 की हालत गंभीर है। बस (CG 15 AB 0499) बुढ़ार से अनूपपुर जा रही थी और गांव के अंदरूनी रास्ते से गुजरते समय सामने से आई तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से बचने में चालक ने अचानक मोड़ ले लिया। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसा पंचायत भवन के पास हुआ। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस जांच में पता चला कि सड़क संकरी और मोड़दार थी। ग्रामीणों ने मांग की है कि बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
