वाशिंगटन, 09 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए संभावित शांति समझौते की शर्तों का पूर्वावलोकन करने के बाद अगले शुक्रवार को अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।
श्री ट्रम्प ने शुक्रवार को ट्रुथ पर एक पोस्ट किया, “अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में मेरे और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बहुप्रतीक्षित मुलाकात अगले शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को अलास्का में होगी। ”
उन्होंने बताया कि बैठक से जुड़ी जानकारियां जल्द बताई जाएंगी। श्री ट्रम्प पहले ही कह चुके हैं कि वह श्री पुतिन से जल्द मिलकर यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर बातचीत करना चाहते हैं।
अमेरिका और रूस के राष्ट्रपति आखिरी बार जून 2021 में मिले थे। उस वक्त तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पुतिन ने जिनेवा में मुलाकात की थी। श्री ट्रम्प के अपने रूसी समकक्ष के साथ संबंध एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है, जो 2015 से अमेरिका नहीं आए हैं और 2018 से श्री ट्रंप से नहीं मिले हैं।
श्री ट्रंप समेत अमेरिकी अधिकारियों ने यूरोपीय नेताओं और यूक्रेनी अधिकारियों को रूसी राष्ट्रपति द्वारा यूक्रेन में युद्ध रोकने के लिए प्रस्तावित योजना के बारे में जानकारी दी है, जिसके बदले में यूक्रेन द्वारा महत्वपूर्ण क्षेत्रीय रियायतें दी जाएंगी।
बुधवार को मॉस्को में एक बैठक में श्री पुतिन ने श्री ट्रंप के विदेश दूत स्टीव विटकॉफ के समक्ष प्रस्तुत योजना के अनुसार यूक्रेन को पूर्वी डोनबास क्षेत्र – जिसका अधिकांश भाग वर्तमान में रूस के कब्जे में है – और साथ ही क्रीमिया, जिस पर रूस ने 2014 में अवैध रूप से कब्ज़ा कर लिया था उसको छोड़ना होगा।
