नई दिल्ली, 8 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर परस्पर हित के मुद्दों पर बातचीत की। इसके पहले गुरूवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मास्को में श्री पुतिन से मुलाकात की थी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन से संबंधित नवीनतम घटनाक्रमों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। श्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को उनके विस्तृत आकलन के लिए धन्यवाद देते हुए रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को दोहराया।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत तथा रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को इस वर्ष के अंत में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाने की घोषणा के मद्देनजर श्री मोदी और श्री पुतिन की बातचीत को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
