नयी दिल्ली, (वार्ता) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड द्वारा जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के शत-प्रतिशत अधिग्रहण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
सीसीआई ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
दिवाला संहिता, 2016 के तहत कॉर्पोरेट शोधन अक्षमता समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के प्रतिफल के रूप में प्रस्तावित योजना के तहत डालमिया सीमेंट जयप्रकाश एसोसिएट्स का शत-प्रतिशत अधिग्रहण करेगा। डालमिया सीमेंट डालमिया भारत लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई है, जिसका मुख्य कारोबार सीमेंट विनिर्माण और विपणन है।
जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड सीमेंट के साथ रियर एस्टेट, आतिथ्य और इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी है। यह फिलहाल सीआईआरपी से गुजर रही है।
इसके अलावा सीसीआई ने तीन कंपनियों द्वारा बेकरी और कनफेक्शनरी उत्पाद, खाद्य और पेय पदार्थों का कारोबार करने वाली थियोब्रोमा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के कुछ शेयरों के अधिग्रहण को भी मंजूरी दे दी। अधिग्रहण करने वाली कंपनियों में इनफिनिटी पार्टनर्स, एक्वा इनवेस्टमेंट्स लिमिटेड और एट्रीड्स इनवेस्टमेंट्स बी.वी. शामिल हैं। तीनों क्रिसकैपिटल समूह का हिस्सा हैं।
