बीजिंग, 05 अगस्त (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) ने आज घोषणा की कि लंदन में होने वाले 2026 विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल में पुरुष और महिला वर्ग में 64-64 टीमें भाग लेंगी।
यह विस्तारित प्रारूप 1926 में लंदन में आयोजित पहली टेबल टेनिस विश्व चैंपियनशिप और उसी वर्ष आईटीटीएफ की स्थापना, दोनों की शताब्दी का प्रतीक है। यह टूर्नामेंट हाल के संस्करणों में इस्तेमाल किए गए 40-टीम प्रारूप से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम के अनुसार, कॉपर बॉक्स एरिना में 28 अप्रैल से 1 मई, 2026 तक शुरुआती दौर के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता 2 से 10 मई तक वेम्बली एरिना में आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक स्पर्धा में 64 टीमों को चार-चार के 16 समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक समूह राउंड रॉबिन खेलेगा, जिसमें प्रत्येक टीम तीन मैच खेलेगी। 16 समूहों में से दो एलीट समूह हैं, जिनमें शीर्ष सात रैंक वाली टीमें और मेजबान देश शामिल हैं।
सभी आठ टीमें स्वचालित रूप से 32-टीमों के नॉक-आउट चरण में पहुंच जाएंगी , जिसके परिणामों का उपयोग केवल एलिमिनेशन चरण के लिए वरीयता निर्धारित करने के लिए किया जाएगा।
अन्य समूहों की शीर्ष टीमें, साथ ही मैच रिकॉर्ड के आधार पर दूसरे स्थान पर रहने वाली छह सर्वश्रेष्ठ टीमें, सीधे आगे बढ़ेंगी।
शेष आठ दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें प्रारंभिक नॉक-आउट दौर में भाग लेंगी, जिसमें चार विजेता 32-टीमों की सूची को पूरा करेंगी।
महिला टीम का फाइनल 9 मई को होगा, उसके बाद 10 मई को पुरुष टीम का फाइनल होगा।
