नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल और गेहूँ की कीमतों में नरमी रही। खाद्य तेलों में भी गिरावट देखी गयी जबकि दालों की कीमतों में घट-बढ़ रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अक्टूबर वायदा 103 रिंगिट उछलकर 4,290 रिंगिट प्रति टन बोला गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.43 प्रतिशत मजबूत होकर 54.25 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत छह रुपये की मामूली गिरावट के साथ 3,829.64 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुँच गया। गेहूँ भी दो रुपये सस्ता हुआ और 2,837.75 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी सात रुपये उतरकर 3,294.09 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका।
सरसों तेल औसतन 84 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। मूंगफली तेल करीब नौ रुपये प्रति क्विंटल टूटा। पाम ऑयल भी तकरीबन छह रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल, सोया तेल और वनस्पति में कमोबेश टिकाव रहा।
दाल-दलहनों में मसूर दाल औसतन 15 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गयी। चना दाल 18 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई। तुअर दाल करीब नौ रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। उड़द दाल में 16 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। वहीं, दाल मूंग चार रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव सात रुपये प्रति क्विंटल नरम हुये जबकि चीनी के दाम लगभग स्थिर रहे।
