सीहोर/दोराहा। राजस्थान के रामगंज मंडी से संत हिरदाराम नगर, भोपाल तक बिछाई जा रही नई रेलवे लाइन ने दोराहा क्षेत्र के ग्रामीणों के जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. रेलवे द्वारा जेसीबी से खुदाई कर मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है और अब तक कोई वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया.
परिणामस्वरूप, ग्रामीणों को एक किलोमीटर लंबा कीचड़ भरा और खतरनाक रास्ता पैदल तय करना पड़ रहा है. हाल की बारिश ने स्थिति और भी भयावह बना दी है, जिससे फिसलने और चोट लगने के मामले बढ़ गए हैं. बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है, वहीं महिलाएं और बुजुर्ग राशन जैसी जरूरतों के लिए भी जूझ रहे हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले रेलवे अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्ग और अस्थायी पुल बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन महीनों बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. कमलेश पाटीदार, अमर सिंह, अवध सिंह, शोएब खान समेत कई ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन की लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त किया है और शीघ्र समाधान की मांग की है.
