ढाका 04 अगस्त (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड ने आगामी एशिया कप और इस महीने के आखिर में नीदरलैंड के साथ होने वाली तीन टी-20 मैचों की सीरीज के लिए अपनी 25 सदस्यीय शुरुआती टीम में नूरुल हसन को शामिल किया है।
चयन समिति ने घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने वाले नूरुल प्रारंभिक टीम में जगह दी है। ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने छोटे प्रारूप में अपने खराब प्रदर्शन के बावजूद आगामी एशिया कप के लिए प्रारंभिक टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है।
नूरुल और प्रारंभिक टीम के पांच अन्य सदस्यों के तैयारी शिविर में भाग नहीं लेंगे क्योंकि वे इस महीने आखिरी में होने वाली टी-20 सीरीज 2025 के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। नूरुल हसन, महिदुल इस्लाम, सैफ हसन, हसन महमूद और नईम शेख टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए नौ अगस्त को ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। टूर्नामेंट के बाद बंगलादेश ए टीम दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार दिवसीय मैच खेलेगी।
बीसीबी ने एक बयान में कहा, “उपलब्ध खिलाड़ी छह अगस्त को एसबीएनसीएस, मीरपुर में एक फिटनेस शिविर के लिए रिपोर्ट करेंगे। 20 अगस्त को सिलहट में शिविर के आयोजन से पहले, एसबीएनसीएस में 15 अगस्त से कौशल अभ्यास शुरू होगा।”
नीदरलैंड टीम के 26 अगस्त को पहुंचने और श्रृंखला के अंतिम मैच के तुरंत बाद चार सितंबर को प्रस्थान करने की उम्मीद है।
बंगलादेश की टीम इस प्रकार है:- लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन तमीम, मोहम्मद नईम शेख, सौम्या सरकार, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद ताहिद हृदोय, जेकर अली अनिक, मोहम्मद मेहदी हसन मिराज, मोहम्मद शमीम हुसैन, मोहम्मद नजमुल हुसैन शान्तो, मोहम्मद रिशाद हुसैन, शाक महेदी हसन, मोहम्मद तनवीर इस्लाम, नसुम अहमद, हसन महमूद, तस्कीन अहमद, मोहम्मद तंजीम हसन साकिब, मोहम्मद सैफुद्दीन, नाहिद राणा, मोहम्मद मुस्तफिजुर रहमान, मोहम्मद शोरफुल इस्लाम, सैयद खालिद अहमद, काजी नुरुल हसन सोहन, महिदुल इस्लाम भुइयां अंकोन और मोहम्मद सैफ हसन।
