केप टाउन में गाजा में भुखमरी और नरसंहार को लेकर विरोध प्रदर्शन

केप टाउन, 03 अगस्त (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका की राजधानी केप टाउन में महिलाओं ने मदर्स4गाजा के बैनर तले शनिवार को मौन विरोध प्रदर्शन किया और गाजा में भुखमरी तथा नरसंहार की निंदा की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाए मुँह पर टेप लगाकर समुद्र के किनारे खड़ी थीं और उनके हाथों में तख्तियाँ थीं जिन पर सामूहिक रूप से ”नरसंहार रोको” लिखा था। कुछ महिलाओं के हाथों में दुर्बल बच्चों और वयस्कों की तस्वीरें थीं जो कथित तौर पर भोजन और मानवीय सहायता पर इज़रायली नाकेबंदी के कारण भूख से मर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य गाजा में चल रहे मानवीय संकट की ओर ध्यान आकर्षित करना और फ़िलिस्तीनी माताओं और बच्चों के साथ एकजुटता व्यक्त करना था।

मदर्स4गाज़ा की सदस्य आइरीन नाइट ने कहा कि वे फ़िलिस्तीन में माताओं और बच्चों के साथ एकजुटता दिखाना चाहती हैं। ”फ़िलिस्तीन में बहुत तबाही हुई है। बमबारी और भुखमरी हुई है – ये सब इज़रायली शासन के कारण हुआ है” उन्होंने कहा ”लेकिन दुनिया में इसे रोकने की कोई जल्दी नहीं दिखती और हम इसका विरोध करने यहाँ आए हैं।”

उन्होंने पश्चिमी देशों की सरकारों से इज़रायल को धन और हथियार देना बंद करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ”जो सरकारें और संस्थाएँ चुप रही हैं और इसमें शामिल रही हैं, उन्हें कार्रवाई करनी चाहिए। इस नरसंहार को रोकना होगा। इज़राइल को फ़िलिस्तीन का विनाश करने से रोका जाना चाहिए।”

 

 

Next Post

कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह 11 को, रीवा में आंदोलन की तैयारी पूरी

Sun Aug 3 , 2025
रीवा: जिले में बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, महिलाओं पर अत्याचार, किसानों को खाद की अनुपलब्धता और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर कांग्रेस 11 अगस्त को पद्मधर पार्क में न्याय सत्याग्रह करेगी। इसको लेकर शहर और ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त बैठक उर्रहट कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष इंजी. […]

You May Like