प्रयागराज 03 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले में करीब से 15 से 16 लाख की आबादी बाढ़ की चपेट में है वही रविवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने लोगो की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। शहर से लेकर गांवों तक बारिश से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।
सुबह अंधेरा छाया हुआ था ।काले बादलों का घेरा लगाताार बना हुआ है और आगे भी बारिश होने का एहसास करा रहे हैं।सुबह करीब 4 बजे से तेज बारिश की वजह से सड़को पर सन्नाटा दिख रहा हैं। बारिश की वजह से दुकाने बंद हैं वही अति व्यस्त रहने वाली सड़कें भी बारिश की वजह से सन्नाटे में डूबी नजर आ रही है। लोग घरों में बंद हैं और जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं
पांच घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से शहर में जलभराव की तस्वीरें सामने आने लगीं। निरंजन डॉट पुल के नीचे पानी भर जाने से रास्ता पूरी तरह ब्लाक हो गया है। इसी प्रकार प्रयागराज रेलवे स्टेशन के समाने घुटनों तक पानी भरा हुआ है। पुराने शहर के हालात तो बद से बदतर हो गए शाहगंज, नखासकोहना, पत्थर गली, बक्शी बाजार, रौजा जैसे मोहल्ले भी बारिश से प्रभावित हो गए है वही अगर बात करे तो पॉश इलाके सिविल लाइंस, टैगोर टाउन, जार्जटाउन, कर्नलगंज, कटरा, अल्लापुर आदि जगहों पर जगह जगह जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रयागराज में सुबह से शाम तक बारिश का अनुमान लगाया है। और आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।
