अमृत उद्यान 16 अगस्त से खुल जायेगा जनता के लिए

नयी दिल्ली 02 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव के अंतर्गत इस महीने की 16 तारीख से जनता के लिए खुल जायेगा
राष्ट्रपति भवन सचिवालय के अनुसार अमृत उद्यान एक महीने यानी 14 सितंबर तक जनता के लिए खुला रहेगा। उद्यान हर रोज पूर्वाह्न 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा और शाम को सवा पांच बजे उद्यान में प्रवेश बंद हो जायेगा। रखरखाव कार्यों के लिए उद्यान को हर सोमवार को बंद रखा जायेगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस और शिक्षक दिवस के अवसर पर क्रमशः 29 अगस्त को एथलीटों और खिलाड़ियों तथा पांच सितम्बर को शिक्षकों के लिए अमृत उद्यान में प्रवेश की विशेष व्यवस्था होगी।
उद्यान में आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू मार्ग के पास स्थित गेट संख्या 35 से होगा। अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आगंतुक उद्यान में जाने के लिए राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं। बिना पंजीकरण वाले आगंतुक गेट संख्या 35 के बाहर स्थित स्वयं-सेवा कियोस्क का उपयोग करके पंजीकरण करा सकते हैं।
आगंतुक उद्यान के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतलें, बच्चों की दूध की बोतलें और छाते ले जा सकते हैं। इनके अलावा कोई अन्य वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
गार्डन ट्रेल में बाल वाटिका, हर्बल गार्डन, बोनसाई गार्डन, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल हैं। पूरे सर्किट में लगाये गये क्यूआर कोड आगंतुकों को विभिन्न पौधों और डिज़ाइन विशेषताओं के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।
इस वर्ष आगंतुकों को एक नयी विशेषता-बैबलिंग ब्रुक-देखने को मिलेगी। इस क्षेत्र में झरने, फुहारे युक्‍त मूर्तिकलायें, सीढ़ीदार पत्थर और भूमि से ऊपर बने तालाब के साथ एक घुमावदार जलधारा, आकर्षक पथों के साथ जुड़ा पंचतत्व ट्रेल्स और प्राकृतिक ध्वनि परिदृश्यों से युक्‍त एक शांत बरगद उपवन, एक शांत हर्बल और प्लूमेरिया गार्डन, जिसमें मनमोहक घास के टीले और बागान शामिल हैं, जो आत्मिक शांति का अनुभव प्रदान करते हैं।

Next Post

चुनाव आयोग की हकीकत पूरे देश को बताएंगे : राहुल

Sat Aug 2 , 2025
नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि चुनाव आयोग की गतिविधियों पर उन्हें 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली जबरदस्त जीत के बाद से ही संदेह पैदा हो गया था और जब उन्होंने इसकी […]

You May Like