सतना:कृषि उपज मंडी में घुसकर एक व्यापारी का अनाज चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 11 बोरा अनाज के साथ साथ 54 लीटर अवैध शराब भी जब्त कर ली गई।थाना प्रभारी कोलगवां सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां पुलिस को सूचना मिली कि एक एम.पी.ई.बी. के पीछे बसोर बस्ती के पहली झोपडी में चार व्यक्ति अवैध मदिरा रखे हैं व बेचने के फिराक में है।
पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर विश्वास कर बताए हुए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, जो दो व्यक्ति आहट पाकर भागते हुए दिखाई दिए एवं दो व्यक्तियों को घेराबंदी करके पकडा गया। जिनसे नाम पता पूछने पर अपना नाम रंगीला बंशकार एवं रज्जी बंसकार बताए। पुलिस द्वारा मुखबिर के बताए अनुसार स्थान की तलाशी ली गई तो 06 कार्टून के अंदर कुल 300 पाव (54) लीटर देशी प्लेन मदिरा रखे होना पाया गया।
जिसकी कीमत 24 हजार रु आंकी गई। वहीं पर झोपडी में 11 बोरा बटरी (अनाज गल्ला) रखे होना पाया गया जिसके संबंध में संदेहियों द्वारा बताया गया कि अपने 05-06 साथियों के साथ मिलकर 25-26 जुलाई की दरम्यानी रात गल्ला मंडी से चोरी किए थे। जिस संबंध में थाना कोलगवां में फरियादी ओमप्रकाश गुप्ता पिता प्रेमदास गुप्ता उम्र 43 वर्ष निवासी सिद्धार्थ नगर सतना की रिपोर्ट पर अपराध धारा 303(2) बी एन एस का पंजीबद्ध किया जाकर अज्ञात चोरों की पता तलाश की जा रही थी। पुलिस द्वारा मौक पर विधिवत कार्यवाही करते हुए अवैध शराब एवं चोरी का अनाज जप्त किया जाकर आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
