
ग्वालियर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री बालेंदु शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र भेजकर कहा है कि विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को अज्ञात आरोपी द्वारा मोबाइल फोन पर जिस तरह से हत्या करने की धमकी दी है वह एक चिंताजनक विषय है। उन्होंने उस मोबाइल के ऑडियो को सुना जिससे यह सिद्ध होता है कि आरोपी किसी भी स्तर तक जा सकते हैं। प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन को ऐसी धमकियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। प्रदेश की पुलिस को ऐसे अज्ञात आरोपी को मोबाइल की डिटेल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार करना चाहिए जो अभी तक नही किया गया, जबकि आज पुलिस के पास इस तरह के आरोपियों तक पहुंचाने के पर्याप्त साधन उपलब्ध हैं।
प्रदेश के पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार में वरिष्ठ राजनेताओं की सुरक्षा में राजनीतिक विचारधाराओं के विरोध के कारण कहीं ना कहीं ढील दी जा रही है जिससे अपराधी खुलेआम एक वरिष्ठ राजनेता को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर गोविंद सिंह को पुख्ता सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए जिस डॉक्टर गोविंद सिंह एवं उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना घटित ना हो ।
