
श्योपुर। श्योपुर में पांच दिन पहले चंबल नहर में एक बोलेरो गिर गई थी। हादसे में लापता हुए बिजली ठेकेदार रिंकू राठौर का शव आज बरामद कर लिया गया। ग्वालियर निवासी रिंकू राठौर का शव वीरपुर थाना क्षेत्र की पांचो कॉलोनी के पास चंबल नहर में उतराता हुआ मिला।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर जिला अस्पताल श्योपुर भिजवाया। यह हादसा पांच दिन पहले उस समय हुआ था, जब बिजली कंपनी के सहायक अभियंता और ठेकेदार रिंकू राठौर रात के समय चंबल नहर मार्ग से विजयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। हादसे के बाद एई तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन रिंकू राठौर नहर में डूब गए थे। घटना के अगले दिन क्रेन की मदद से बोलेरो वाहन को नहर से बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन रिंकू राठौर का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार चंबल नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही थीं।
