
मंडला। केबिनेट मंत्री संपतिया उइके, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग और जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने माहिष्मती घाट पर स्क्रेप से तैयार की गई प्रदेश के राजकीय पक्षी दूधराज का अनावरण किया। बताया गया कि अनावश्यक कबाड़ सामग्री से तैयार की गई यह रचना लगभग 150 किलो वजनी एवं लगभग 5 फीट ऊँची है, जिसे रायपुर के कलाकार जितेन्द्र साहू एवं उनकी टीम द्वारा तैयार किया गया है। इस रचना को यहां लगाए जाने का उद्देश्य यह है कि हमारे आसपास अनुपयोगी कबाड़ सामग्री का उपयोग कर हम आकर्षक एवं उमदा रचना बना सकते हैं।
अनावरण के पूर्व मंत्री द्वय एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने माँ नर्मदा पूजन एवं आरती में शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, प्रफुल्ल मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, जयदत्त झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, एसडीएम मंडला सोनल सिडाम, सीएमओ गजानंद नाफड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
