
मंडला। माउंट फोर्ट विद्यालय मंडला में जिला शिक्षा अधिकारी मंडला के निर्देशन में 26 और 27 जुलाई को जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के विभिन्न स्कूलों से छात्राओं ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में मंडला जिले के 12 विद्यालयों की लगभग 65 छात्राओं ने भाग लिया। इसमें निवास, नैनपुर और बम्हनीबंजर क्षेत्र के स्कूलों की छात्राएं भी प्रमुख रूप से शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक संचालक खेल विकास खरड़कर रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और एकाग्रता का महत्व समझाया और शतरंज जैसे बौद्धिक खेल में निरंतर अभ्यास की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन यानी 27 जुलाई को बालक वर्ग की शतरंज स्पर्धा आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र भाग लेंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में माउंट फोर्ट विद्यालय के संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन, उप प्राचार्य ब्रदर मैथ्यूज, समन्वयक इवेंजलीन कुशराम, खेल शिक्षक अभिषेक श्रीवास, रोहित नायकवार, रमा मार्को, दीपांशु हरदहा सहित अन्य स्कूलों से आए खेल शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
