रूट के निशाने पर अब सचिन का विश्व रिकॉर्ड

मैनचेस्टर, 26 जुलाई (वार्ता)। इंग्लैंड की रन मशीन जो रूट ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट में शतक(150) लगाते हुए राहुल द्रविड़ (13,288), जैक्स कैलिस (13,289) और रिकी पॉन्टिंग (13,378) को एक झटके में पीछे छोड़ा और अब उनसे ज्यादा रन सिर्फ सचिन तेंदुलकर (15,921) के रह गए हैं।

रूट के नाम अब 38 टेस्ट शतक हो गए हैं। टेस्ट में उनसे ज्यादा शतक सिर्फ तीन बल्लेबाजों ने लगाए हैं – तेंदुलकर (51), कैलिस (45) और पॉन्टिंग (41)। कुमार संगकारा के भी रूट के बराबर 38 शतक हैं।

अब रूट के नाम टेस्ट में कुल 104 फिफ्टी-प्लस स्कोर हैं। इस मामले में वह पॉन्टिंग और कैलिस (103) से आगे चले गए हैं। अब सिर्फ तेंदुलकर (119) उनसे आगे हैं।

रूट ने भारत के खिलाफ 12 टेस्ट शतक लगाए हैं। यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा भारत के खिलाफ सर्वाधिक शतक है। उन्होंने स्टीवन स्मिथ (11) को पीछे छोड़ा। किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा टेस्ट शतक डॉन ब्रैडमैन (इंग्लैंड के खिलाफ 19) और सुनील गावस्कर (वेस्टइंडीज के खिलाफ 13) के नाम हैं।

इनमें से 12 में से 9 शतक रूट ने इंग्लैंड में ही भारत के खिलाफ लगाए हैं। यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा घरेलू मैदान पर किसी एक विपक्षी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक है। उन्होंने ब्रैडमैन (इंग्लैंड के खिलाफ 8) को पीछे छोड़ा।

रूट ने इंग्लैंड में 23 टेस्ट शतक लगाए हैं। किसी भी देश में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में वह संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। रिकी पॉन्टिंग (ऑस्ट्रेलिया), जैक्स कैलिस (साउथ अफ़्रीका) और माहेला जयवर्धने (श्रीलंका) के भी 23-23 शतक हैं।

इंग्लैंड में टेस्ट में रूट के 7195 रन हो गए हैं। किसी एक देश में टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में वह तीसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे पॉन्टिंग (ऑस्ट्रेलिया में 7578 रन) और तेंदुलकर (भारत में 7216 रन) हैं।

रूट ने ओल्ड ट्रैफर्ड में 1128 टेस्ट रन बनाए हैं। इस मैदान पर 1000 रन पार करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनका दूसरा मैदान है जहां उन्होंने 1000 से अधिक टेस्ट रन बनाए हैं। लॉर्ड्स में उनके 2166 रन हैं।

रूट ने अब तक टेस्ट में रवींद्र जडेजा के खिलाफ 588 बनाए हैं। साथ ही वह 37 पारियों में नौ बार आउट हुए हैं। यह किसी बल्लेबाज द्वारा किसी एक गेंदबाज के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड स्टीवन स्मिथ के नाम था। उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ 577 रन बनाए हैं।

 

 

Next Post

जांच आयोग ने आरसीबी के घरेलू मैदान चिन्नास्वामी को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित माना

Sat Jul 26 , 2025
बेंगलुरु, 26 जुलाई (वार्ता) गत चार जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विक्ट्री परेड के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुखद भगदड़ की जांच के लिए कर्नाटक सरकार द्वारा नियुक्त न्यायमूर्ति जॉन माइकल कुन्हा आयोग इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि यह स्थल बड़े पैमाने पर होने […]

You May Like