सेटअप से बाहर होकर खराब तो लगता है : उमेश यादव

गुरुग्राम, (वार्ता) विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप जब से आई है तब से एक चक्र के बाद दूसरे चक्र में भारत नए खिलाड़‍ियों को आजमाता दिखा है। अजिंक्‍य रहाणे, चेतेश्‍वर पुजारा, इशांत शर्मा जैसे खिलाड़‍ियों ने अभी तक संन्‍यास नहीं लिया है लेकिन अब वह भारतीय सेटअप से बाहर ही हो गए हैं। ऐसे ही एक तेज गेंदबाज़ उमेश यादव भी हैं, जिन्होंने 2023 विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप में अपना पिछला टेस्‍ट खेला था।

गुरुग्राम में पिकलपॉक्‍स खेल के एक इवेंट में पहुंचे उमेश ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में कहा, ”हर किसी को सेटअप से बाहर होना खराब लगता है।, लेकिन यह एक सर्कल है, आज मैं बाहर हूं कल कोई बाहर होता है, जो बदलाव आने हैं, वह तो आने ही है। लाइफ हमेशा ऐसे नहीं चलती है, सबके साथ ही ऐसा होता है। हम पहले साइकिल से चलते थे, लेकिन अब हवाई जहाज से सफर कर रहे हैं। ऐसे में कोई नया लड़का आएगा तो सीनियर को बाहर जाना होगा, प्रतिस्‍पर्धा होना तो भारतीय क्रिकेट के लिए और भी अच्‍छा है, तो यही जिंदगी है। मैं अभी भी फिट हूं तो कुछ ना कुछ नई कोशिश में लगा रहता हूं। वापसी का मौका मिलेगा तो मैं हमेशा तैयार हूं।

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्‍लैंड में टेस्‍ट सीरीज़ खेल रही है और मोहम्‍मद शमी जैसे सीनियर गेंदबाज़ टीम में नहीं है, जसप्रीत बुमराह केवल तीन टेस्‍ट खेलने की बात कह चुके हैं। ऐसे में भारत ने बिना बुमराह के भी दूसरा टेस्‍ट जीतकर दिखाया, जहां पर आकाश दीप ने काफी अच्‍छा प्रदर्शन किया। यादव ने टीम में आ रहे नए तेज गेंदबाजों की तारीफ की और कहा कि अगर उनको वापसी का मौका मिलता है तो वह पूरी तरह से तैयार हैं।

पेस आक्रमण अच्‍छा है, बुमराह, सिराज अच्‍छे हैं, साथ ही कुछ नए लड़के आ रहे हैं, उनको जैसे-जैसे समय मिलेगा तो वे सभी अनुभव के साथ निखरते चले जाएंगे। भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुज़र रही है और यही खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को बहुत आगे ले जाएंगे।

 

 

Next Post

दर्द होने के बावजूद ‘फर्स्ट कॉपी’ की सक्सेस पार्टी में पहुंचे मुनव्वर फारूकी

Sat Jul 26 , 2025
मुंबई, (वार्ता) जानेमाने स्टैंड-अप कॉमेडियन और बिग बॉस फेम मुनव्वर फारूकी दर्द होने के बावजूद ‘फर्स्ट कॉपी’ की सक्सेस पार्टी में पहुंचे। मुनव्वर फारूकी इस वक़्त अपने नए शो फर्स्ट कॉपी की कामयाबी की ऊंचाई पर हैं।अमेज़न प्राइम एमएक्स प्लेयर पर धूम मचाता यह शो जहां क्रिटिक्स और ऑडियंस दोनों […]

You May Like