लोकसभा में पहले सप्ताह के आखिरी दिन भी नहीं चला प्रश्न काल

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में मानसून सत्र के पहले सप्ताह के आखिरी दिन भी जमकर हंगामा हुआ जिसके कारण अध्यक्ष ओम बिरला को सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ समय बाद ही 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सबसे पहले मौन रखकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्री बिरला ने जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की, विपक्ष के सदस्य हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाते हुए सदन के बीचों-बीच आकर हंगामा करने लगे। उन्होंने हंगामे के बीच ही सदन चलाने का प्रयास किया लेकिन शोर शराबे में सदन में कुछ काम नहीं हो पाया।

अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि वे सुनियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं। विपक्ष के सदस्य जानबूझकर सदन नहीं चलने दे रहे है।

उन्होंने कहा कि यदि सहमति है तो उसके समाधान का रास्ता मिलजुल कर निकाला जा सकता है।श्री बिरला ने कहा कि वह सरकार की प्रतिनिधि को बुलाकर विपक्ष के सदस्यों के साथ वार्ता कर समस्या का समाधान निकाल सकते हैं लेकिन इसके लिए सदस्यों को चर्चा के लिए आना होगा और जानबूझकर सदन में बाधा डालने की प्रवृत्ति छोड़नी होगी।

उन्होंने कहा कि गतिरोध दूर करने के लिए सभी को आपस में बात करनी होगी और सदन चलना चाहिए क्योंकि देश में विभिन्न संसदीय क्षेत्रों की 20-20 लाख की आबादी ने एक-एक सदस्य से अपने भविष्य की योजनाओं के लिए आस लगाई है और उन्हें उम्मीद रहती है कि संसद में उनके प्रतिनिधि उनके हित के लिए काम करेंगे।

हंगामा कर रहे सदस्यों ने उनकी एक नहीं सुनी और हंगामा बढ़ने लगा तो श्री बिरला ने सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

 

Next Post

टेस्ट में छक्के लगाने के मामले में पंत ने की सहवाग की बराबरी

Fri Jul 25 , 2025
मैनचेस्टर, 25 जुलाई (वार्ता) भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में पहली पारी में 358 रन बनाये। भारत ने एक सीरीज में अब तक छह बार 350+ का स्कोर बनाया है, जो किसी टेस्ट सीरीज़ में उनका सर्वाधिक है। भारत से पहले केवल एक टीम ऑस्ट्रेलिया ने ही तीन […]

You May Like