छतरपुर के मजदूर दंपत्ति की किस्मत पलटी: हीरा खदान से एक साथ मिले 12 लाख के 8 हीरे

छतरपुर/पन्ना। कहते हैं मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और जब किस्मत साथ देती है तो मिट्टी से हीरे भी निकलते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ है छतरपुर जिले के कटिया गांव में रहने वाले मजदूर दंपति हरगोविंद यादव और उनकी पत्नी पवन देवी यादव के साथ। इन दोनों को पन्ना जिले की एक उथली हीरा खदान में एक साथ 8 हीरे मिले हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

पांच साल की मेहनत का मिला फल

यह दंपति बीते 5 वर्षों से लगातार पन्ना की हीरा खदानों में खुदाई कर रहा था। दिन-रात की मेहनत और लगन ने आखिरकार रंग दिखाया और किस्मत ने ऐसी करवट ली कि एक ही बार में आठ-आठ हीरे निकल आए। इनमें कुछ हीरे कच्चे हैं तो कुछ पक्के। मजदूर दंपति ने हीरे मिलने की जानकारी हीरा कार्यालय में दी और जल्द ही इन्हें हीरा संग्रहालय में जमा करा दिया जाएगा।

अब नहीं करेंगे पिछली बार वाली गलती

हरगोविंद यादव ने बताया कि, “इस बार हम पूरी जानकारी के साथ आगे बढ़ेंगे। पिछली बार भी एक हीरा मिला था, लेकिन जानकारी के अभाव में हमें उसकी कीमत केवल एक लाख रुपए ही मिली थी। अब हम चाहेंगे कि सभी हीरों की सही नीलामी हो और हमें उसका पूरा मूल्य मिले।”

पिछले साल भी पलटी थी किस्मत

पन्ना जिले में ही बीते वर्ष अहिरगंवा गांव के रहने वाले चुनवादा गौंड को 19.22 कैरेट का कीमती हीरा मिला था, जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई थी। उन्होंने महज 200 रुपये की रसीद कटवा कर पट्टा लिया था और दो महीने की मेहनत के बाद हीरा मिला।

Next Post

भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन और जिला प्रबंध समिति की बैठक: संगठन विस्तार पर चर्चा

Wed Jul 23 , 2025
सिंगरौली। लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी मंत्री व जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके दो दिवसीय प्रवास पर सिंगरौली पहुंचीं। प्रवास के प्रथम दिन उन्होंने सूर्या भवन विंध्यनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बैठक में जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, राज्यमंत्री राधा सिंह, संगठन प्रभारी प्रज्ञा त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित […]

You May Like