सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 25.57 करोड़ रुपये मूल्य का 24.827 किलोग्राम सोना जब्त , दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली/ अहमदाबाद, 22 जुलाई (वार्ता) सीमा शुल्क विभाग के अधीन काम करने वाली एजेंसी एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) की अहमदाबाद यूनिट ने गुजरात में सूरत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पश्चिम एशिया से आ रहे पति-पत्नी के पास से 25.57 करोड़ रुपये मूल्य का 24.827 किलोग्राम सोना जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय की मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक यह अहमदाबाद सीमा शुल्क आयुक्तालय द्वारा गुजरात में की गई सोने की सबसे बड़ी ज़ब्ती में से एक है।

विज्ञप्ति के अनुसार एआईयू की टीम ने 20 जुलाई को सूरत इकाई के सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा की गई यात्री प्रोफ़ाइलिंग और निगरानी के आधार पर, एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-174 से दुबई से सूरत आ रहे दो यात्रियों को आगमन हॉल रोका। सूरत सीमा शुल्क की हवाई अड्डा सतर्कता इकाई द्वारा एकत्रित संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी पहचान के आधार पर यात्रियों पर नज़र रखी जा रही थी।

निगरानी के दौरान, हवाई अड्डे पर तैनात औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों से एक यात्री के बारे में मिली जानकारी से संबंधित व्यक्तियों पर संदेह बढ़ गया था। इसके आधार पर दोनों यात्रियों की विस्तृत व्यक्तिगत तलाशी ली गई। दोनों यात्रियों (पति और पत्नी) की जाँच और व्यक्तिगत तलाशी लेने पर, पेस्ट के रूप में कुल 28.100 किलोग्राम सोना बरामद हुआ। पेस्ट के रूप में उसे सोने को बड़ी चालाकी से मॉडिफाइड जींस के पैंट, अंदर पहने जाने वाले वस्त्र, हैंडबैग और जूतों में छिपाया गया था।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस कार्रवाई में 24.827 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी घरेलू बाजार में कीमत लगभग 25.57 करोड़ रूपए आंकी गई है। दोनों व्यक्तियों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जिस तरीके से सोने की तस्करी को अंजाम देने की कोशिश की गई वह तस्करी में सोनी को शरीर पर छिपाने की उन्नत तकनीकों को अपनाने की ओर इशारा करता है।

इस मामले में आगे की जाँच जारी है।

 

 

Next Post

पैट्रोल टैंकर से कटिंग कर चुराया जा रहा था पैट्रोल

Wed Jul 23 , 2025
जबलपुर: शहपुरा अंतर्गत पैट्रोल टैंकर से कटिंग कर पैट्रोल चुराया जा रहा था। पुलिस ने टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है।ज्वलनशील पदार्थ पैट्रोल 650 लीटर एवं डीजल 160 लीटर, टैंकर, सैंट्रो कार, खाली केन आदि जप्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को विगत कुछ दिनों […]

You May Like

मनोरंजन