लंदन, 21 जुलाई (वार्ता) ब्रिटेन के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी जैक ड्रेपर ने बाँह की चोट के कारण टोरंटो और सिनसिनाटी में होने वाले आगामी टूर्नामेंटों से नाम वापस ले लिया है।
ड्रेपर ने सोशल मीडिया मंच पर कहा, “विंबलडन के बाद मेरे बाएँ हाथ में चोट लग गई, कोई गंभीर बात नहीं है।
मुझे यह सुनिश्चित करना है कि बाकी सीजन के लिए यह पूरी तरह से ठीक हो जाऊं। दुर्भाग्य से, मैं टोरंटो और सिनसिनाटी में प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाऊँगा। न्यूयॉर्क शहर में मिलते है।”
कैनेडियन ओपन 26 जुलाई से तथा सिनसिनाटी ओपन चार अगस्त से शुरू होगा।
कैनेडियन ओपन से हटने वाले वह अकेले खिलाड़ी नहीं है, विंबलडन चैंपियन जैनिक सिनर और 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नोवाक जोकोविच ने भी पुष्टि की है कि वे नहीं खेलेंगे।
अब 23 वर्षीय खिलाड़ी ड्रेपर का लक्ष्य 24 अगस्त से शुरू होने वाले अमेरिकी ओपन में वापसी करना है।
