जलवायु-तकनीक स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए डीपीआईआईटी और जीईएपीपी में साझेदारी

नई दिल्ली, 17 मई (वार्ता) देश में स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु-तकनीक क्षेत्र की उद्यमिता को मजबूती देने के लिए उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने ग्लोबल एनर्जी अलायंस फॉर पीपल एंड प्लैनेट (जीईएपीपी) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस साझेदारी पर डीपीआईआईटी के डॉ. सुमीत जारंगल और जीईएपीपी के सौरभ कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी भारत को उसके नेट-जीरो लक्ष्य की ओर तेजी से ले जाने में मदद करेगी। यह दो साल की साझेदारी शुरुआती चरण के जलवायु-तकनीक स्टार्टअप को फंडिंग, मेंटरशिप, नेटवर्किंग और बाजार से जुड़ाव जैसे जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएगी। इसे भविष्य में आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
इस समझौते के तहत जीईएपीपी एक नई प्रतियोगिता “एनर्जी ट्रांजिशन इनोवेशन चैलेंज (ईएनटीआईसीई)” शुरू करेगा, जिसमें प्रभावशाली समाधान देने वाले स्टार्टअप को पांच लाख डॉलर तक का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा निवेश के लिए स्पेक्ट्रम इम्पैक्ट और अवाना कैपिटल जैसे संस्थानों से भी सहयोग मिलेगा। डीपीआईआईटी इस पहल को स्टार्टअप इंडिया नेटवर्क से जोड़ेगा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए स्टार्टअप तक पहुंच बनाएगा।
डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव श्री संजीव ने कहा, “भारत का जलवायु नेतृत्व एक मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम पर निर्भर करता है। यह साझेदारी ऐसे स्टार्टअप्स को बढ़ावा देगी जो देश को दीर्घकालिक नेट-जीरो लक्ष्यों की ओर ले जाएंगे।”
जीईएपीपी के उपाध्यक्ष सौरभ कुमार ने इसे सरकार, उद्योग और नवाचार के बीच सहयोग का प्रतीक बताया और कहा कि जीईएपीपी का वैश्विक अनुभव और स्टार्टअप इंडिया नेटवर्क के साथ जुड़ाव मिलकर देश में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में परिवर्तनकारी अवसर पैदा करेगा।

Next Post

बेलराइज इंडस्ट्रीज का आईपीओ 21 मई को खुलेगा

Sat May 17 , 2025
अहमदाबाद, 17 मई (वार्ता) ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बुधवार, 21 मई को खुलेगा। कंपनी की ओर से शनिवार को यहां जारी बयान में कहा है कि बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने पहले इनिशियल पब्लिक ऑफर के लिए पांच रुपये फेस वैल्यू वाले […]

You May Like