
मंडला। जबलपुर में आयोजित सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में मंडला के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। मध्यप्रदेश बैडमिंटन संघ के सह सचिव एवं मंडला जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव चंद्रेश खरे व सह सचिव नीलेश राय के नेतृत्व में मंडला की टीम ने विभिन्न मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जबलपुर, सिवनी, होशंगाबाद, सतना, सागर और मंडला के खिलाड़ियों ने भाग लिया। मंडला ने 40+ और 50+ आयु वर्ग में बेहतरीन खेल दिखाया। 40+ युगल वर्ग में आनंद राय और अमित सिहारे की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया, वहीं 50+ युगल वर्ग में संकल्प दुबे व अविनाश (पॉपुलर) जैन उपविजेता बने।
40+ एकल मुकाबले में नीलेश राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया लेकिन उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। चंद्रेश खरे व अमोद श्रीवास की जोड़ी सेमीफाइनल तक पहुंची। शैलू मिश्रा ने भी प्रतियोगिता में खेलकर दर्शकों का ध्यान खींचा।
मंडला जिला बैडमिंटन एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की है। मंडला के खिलाड़ी अब प्रदेश और देश में अपनी पहचान बना रहे हैं। कई खिलाड़ी प्रतिष्ठित गोपीचंद अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि मंडला के खिलाड़ी जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता अर्जित करेंगे।
