भोपाल:मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में सोमवार को गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर और नीमच में बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया और डिंडोरी जिलों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में एक सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ रेखा पश्चिमी राजस्थान से होते हुए चूरू, आयानगर, शाहजहांपुर, पटना, बांकुरा, दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
इसके अलावा, मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर 32° उत्तरी अक्षांश और 71° पूर्वी देशांतर पर स्थित है। वहीं, समुद्र से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण 4.5 किमी तक ऊंचाई पर सक्रिय है, जो दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।इन सभी मौसमी स्थितियों के चलते मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई गई है।
