
सीधी। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में कठौतहा मोड़ के समीप आज शाम तेज रफ्तार में बाइक -पिकअप की टक्कर में बाइक में सवार चाचा -भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार चुरहट थाना क्षेत्रांतर्गत कठौतहा के समीप आज शनिवार की शाम करीब 5 बजे बाइक एवं पिकअप में जोरदार भिड़ंत हुई जिससे बाइक सवार चाचा -भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई है। यह घटना सीधी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में चुरहट के पहले कठौतहा अंधा मोड की है। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक घटना स्थल से फरार हो गया । बताया गया है कि चुरहट की ओर से आ रही पिकअप ने कठौतहा अंधा मोड़ के पास बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दिया, जो की चाचा और भतीजे थे , जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार अनिल शर्मा उम्र लगभग 40 साल तथा उसका भतीजा आयुष शर्मा उम्र 20 वर्ष ग्राम कोलुहा करनपुर निवासी हैं । हादसे के वक्त अपनी बाइक से चुरहट की तरफ जा रहे थे। कठौतहा अंधा मोड़ के पास पिकअप ने इनकी बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दिया। आसपास के ग्रामीणों की माने तो टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक घटनास्थल से फरार हो गया। चुरहट पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
