
जबलपुर। एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला समद पिपरिया में स्कूली छात्रों के लिए निर्माण कराए गए 6 क्लासरूम का लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य सभा सासंद विवेक कृष्ण तन्खा ने शनिवार को सुबह 10.30 बजे स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में किया। मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए विवेक कृष्ण तन्खा ने कहा कि इस तरह के प्रकल्प जब साकार होते हैं तो बहुत खुशी होती है। इससे यह भी पता चलता है आप सभी के ह्रदय में समाज सेवा कूट-कूट कर भरी हुई है। आपने ये शाला नहीं भारत का भविष्य तैयार किया है। जब अच्छी शिक्षा मिलेगी तो ये बच्चे आगे चलकर इसी मंच से खड़े होकर बड़े दानदाता बनेंगे। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए स्मार्ट क्लासेस बनाने के लिए जो मदद चाहिए वे करेंगे। देश अपना है, जनता अपनी है और बच्चे अपने, इनके लिए जो बेहतर किया जा सके वह हम करेंगे। बच्चे देश की धरोहर हैं इनकी अच्छी शिक्षा स्वास्थ्य की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने आगे कहा कि जबलपुर राउंड टेबल 330 यदि शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए इस तरह के प्रोजेक्ट तैयार करता है तो वह इसमें अपना आर्थिक सहयोग प्रदान करेंगे।
