मंडला पुलिस ने किया स्कूल चोर गिरोह का पर्दाफाश,19 चोरियों का खुलासा

मंडला।मंडला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूलों में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लगभग 13 लाख रुपये का चोरी का सामान, जिसमें 32 गैस सिलेंडर, 07 टेलीविजन, 03 प्रिंटर, 23 बैटरियां, 01 कम्प्यूटर, सीपीयू की-बोर्ड सहित, 01 इंडक्शन चूल्हा और वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद किया है। बताया गया कि पिछले कुछ समय से मंडला जिले के ग्रामीण और सुनसान इलाकों के स्कूलों से लगातार गैस सिलेंडर, टीवी, बैटरियां, प्रिंटर और कम्प्यूटर जैसी सामग्री चोरी होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इन चोरियों के अज्ञात चोरों को मंडला पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। जिसमें मंडला पुलिस को सफलता मिली।

जानकारी अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई चोरियों के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग टीम का गठन किया गया था। ये टीमें लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थीं और सूचनाओं के आधार पर काम कर रही थीं। जांच के दौरान पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीओपी नैनपुर और एसडीओपी मंडला के नेतृत्व में चौकी प्रभारी टाटरी, थाना प्रभारी महाराजपुर और थाना कोतवाली मंडला की टीम ने घटना को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ में 19 चोरियों का खुलासा :

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने मंडला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 19 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनमें चौकी टाटरी, थाना बम्हनी बंजर और चौकी अंजनिया के 01-01 प्रकरण, थाना कोतवाली मंडला के 02 प्रकरण, थाना महाराजपुर के 11 प्रकरण और चौकी पिंडरई के 03 प्रकरण शामिल हैं।

चोरी की वारदात को ऐसे दिया अंजाम :

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार से घूमते हुए सुनसान स्कूल भवनों को निशाना बनाते थे और वहां से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई सामग्री में मुख्य रूप से घरेलू गैस सिलेंडर शामिल थे, जिन्हें वे अवैध रूप से गैस हॉकर्स को बेच देते थे। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी औने-पौने दामों में बाजार में खपाया जाता था। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर गैस हॉकर्स से चोरी किए गए गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक कार्य करने वाले व्यक्ति से चोरी का टीवी व अन्य सामान और आरोपियों द्वारा अलग-अलग जगहों पर छिपा कर रखा गया सामान जब्त किया है। इस प्रकरण में चोरी का सामान खरीदने और उसे ठिकाने लगाने वाले दोनों व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब आरोपियों से जिले और अन्य सीमावर्ती जिलों में इस तरह की और भी वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Next Post

कमिश्नर और आईजी ने मऊगंज जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा 

Fri Jul 18 , 2025
रीवा।मऊगंज जिले में 16 जुलाई तथा 17 जुलाई को लगातार भारी वर्षा के कारण मऊगंज नगर परिषद सहित कई गांवों में निचली बस्तियों में जल भराव हो गया. नईगढ़ी को जाने वाले दोनों मार्ग जलमग्न और कटाव के कारण प्रभावित हुए, जिसके कारण आवागमन बाधित हुआ. प्रशासन द्वारा जल भराव […]

You May Like