सरई:नगर परिषद सरई के वार्ड क्रमांक 13 और 14 की सीमा पर स्थित घोघरा-अमहा टोला को जोड़ने वाला पुल अब क्षतिग्रस्त अवस्था में पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश ने इसकी स्थिति और भी गंभीर बना दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुल कुछ साल पहले ही बना था, लेकिन उसकी गुणवत्ता बेहद खराब रही, जिसके कारण आज उसका अस्तित्व संकट में दिखाई दे रहा है।
क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे पुल की नींव और सतह पर गहरा असर पड़ा है। नागरिकों ने बताया कि यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा, तो यह पुल कभी भी पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा।स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद सरई के अध्यक्ष और सीएमओ से इस ओर तुरंत ध्यान देने की मांग की है। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जब तक कार्य नहीं होता, तब तक इस पर आवागमन में अत्यधिक सावधानी बरती जाए।क्षेत्रवासी प्रशासन से यह भी पूछ रहे हैं कि आखिर कुछ वर्षों पहले बने इस पुल की हालत इतनी जल्दी क्यों खराब हो गई,यह सवाल निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गहरे संदेह खड़े करता है।
