हैदराबाद, 18 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना में रंगारेड्डी जिले के आदिबतला के पास आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर शुक्रवार तड़के एक कार के एक खड़े लॉरी के पिछले हिस्से से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार मोइनाबाद के एक रिसॉर्ट में काम करने वाले पीड़ित, यदाद्री भुवनगिरी जिले के यदागिरिगुट्टा स्थित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मल्होथ चंदूलाल (29), गगुलोथ जनार्दन (50), कावली बलाराजू (40) और एक अन्य के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए इब्राहिमपट्टनम के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जाँच जारी है।
