
घुघरी: मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र की सलवाह पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम घुरगुटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक आरोपी ने धारदार कुल्हाड़ी से दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महेश मरावी 45 वर्ष, पिता गुहा मरावी का अपनी पड़ोसी हरिओम बाई पति रामलाल मरकाम 45 वर्ष से विवाद था। सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच आरोपी महेश मरावी ने हरिओम बाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इस दौरान ग्राम के ही राजकुमार उइके पिता मुन्नालाल उइके 30 वर्ष ने इस घटना को अपनी आंखों से देखा। आरोपी ने उसे भी नहीं बख्शा। महेश मरावी ने भागते हुए राजकुमार का पीछा किया और उस पर भी कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आरोपी महेश मरावी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसे एक खंभे से बांध दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। थाना प्रभारी घुघरी, एसडीओपी बिछिया, सलवाह चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी महेश मरावी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। इस दोहरे हत्याकांड के पीछे के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
