इंदौर:मालवा मिल चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता ने एक ऑटो चालक की जान बचा ली. बुधवार को चौराहे के समीप अचानक ऑटो चालक लोकेंद्र बाबूराव को हार्टअटैक आया तो वहां मौजूद ट्रैफिक आरक्षक सुनील और आरक्षक विशाल ने बिना देर किए उसे तुरंत चरक अस्पताल पहुंचाया.
मौके पर किसी एंबुलेंस के न होने पर दोनों जवान खुद पहल करते हुए चालक को निजी वाहन से अस्पताल ले गए. वहां भर्ती कराने के बाद जब तक परिजन नहीं पहुंचे, तब तक दोनों जवान अस्पताल में मौजूद रहकर इलाज शुरू कराने में मदद करते रहे. समय रहते की गई इस मानवीय पहल की आसपास मौजूद लोगों और पीड़ित परिवारजनों ने प्रशंसा की. आमजन ने भी ट्रैफिक पुलिस की तत्परता को सराहा.
