सतना :जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत रमपुरवा गांव में उस वक्त हडक़ंप मच गया जब घर पर लगे खपरैल की मरम्मत करने के दौरान करेंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार पेशे से मजदूर अवधेश कोल पिता लल्ला कोल उम्र 45 वर्ष निवासी मिचकुरिन द्वारा रमपुरवा क्षेत्र में स्थित घर की खपरैल की मरम्मत का कार्य किया जा रहा था. बताया गया कि खपरैल की छत से होकर एक तार गुजर रहा था.
जिस दौरान मजदूर द्वारा छत की खपरैल ठीक की जा रही थी उसी समय तार में अचानक करेंट फैल गया. जिसकी चपेट में आते ही मजदूर बेसुध होकर गिर पड़ा. घटना होती देख आस पास के लोग सकते में आ गए. आनन-फानन में तार को वहां से हटाया गया. जिसके बाद मजदूर को उपचार के लिए मझगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलने पर मृत मजदूर के परिजनों के बीच कोहराम मच गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
फंदे पर लटका मिला युवक
जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा क्र. 2 की भदवा आदिवासी बस्ती में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला. मृतक की पहचान 24 वर्षीय युवक सूरज आदिवासी के तौर पर हुई. बताया गया कि सूरज ने अपने घर में ही फंदे पर लटक कर जान दे दी. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी गई है.
