
उज्जैन। ड्रायवर ने रात में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। फंदा गले में डालने से पहले मोबाइल से उसने वीडियो बनाया जिसमें पत्नी और उसके प्रेमी को मौत का जिम्मेदार बताया। वीडियो उसने बहन को भेजा। इंदौर से भाई उज्जैन पहुंचा। उससे पहले ड्रायवर की मौत हो चुकी थी।
चिमनगंज थाना क्षेत्र की मंगल कॉलोनी में रहने वाला तनवीर पिता सत्तार 38 साल ड्रायवरी करता था। रात में भाई कादिर इंदौर से मंगल कॉलोनी पहुंचा तो उसने तनवीर को फंदे पर लटका पाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रात में ही शव चरक अस्पताल लाया गया। आज सुबह भाई कादिर ने बताया कि तनवीर ने फांसी लगाने से पहले मोबाइल पर वीडियो बनाया था और अहमदाबाद में रहने वाली बहन रूबीना को भेजा था। बहन ने इंदौर कॉल कर तनवीर के वीडियो के बारे में बताया जिसमें वह आत्महत्या की बात कह रहा था। जिसके चलते वह उज्जैन पहुंचा था। तनवीर ने वीडियो में अपनी मौत का जि मेदार अपनी पत्नी और उसके प्रेमी सोनू निवासी लोहे का पुल के साथ सास को बताया। तीनों को सजा दिए जाने की बात कही। तनवीर का कहना था कि पत्नी और सोनू का प्रेम प्रसंग चल रहा है। पूर्व में दोनों ने साजिश रचकर उसे बेटी से ही अश्लील हरकत करने के मामले में जेल भिजवा दिया था। परिजनों ने बताया कि तनवीर की पत्नी आगर रोड नाके पर रहती है। चार बच्चे भी हैं। पिछले एक-डेढ़ माह से पत्नी बच्चों को लेकर मायके में रह रही है। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद पोस्टमार्टम करवाया और मृतक ड्रायवर का मोबाइल जांच के लिए जब्त कर लिया। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं पत्नी से भी पूछताछ होगी।
